कठुआ। बनी के कांथल इलाके में बलात्कार मामले की नाबालिग पीड़िता की पुलिस ने मंगलवार को जिला अस्पताल कठुआ में मेडिकल जांच करवाई। मामले में आरोपी को पुलिस ने घर से ही गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बनी थाना प्रभारी शमशेर लाल ने बताया कि रविवार को शिकायत मिलने के बाद ही पुलिस टीम को आरोपी की धरपकड़ के लिए रवाना कर दिया गया था। सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को बनी से पुलिस टीम नाबालिग पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल कठुआ पहुंची, जहां उसकी मेडिकल जांच करवाई गई है।
गौरतलब है बनी के निकटवर्ती कांथल पंचायत के एक गांव में सोलह वर्षीय युवती से बलात्कार की शिकायत उसके पिता ने दर्ज करवाई थी। आरोप है कि गिरफ्तार आरोपी जनवरी से मार्च तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा है, जब पीड़िता आरोपी के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी। शनिवार की रात भी आरोपी ने पिता के घर में नहीं होने पर नाबालिग लड़की के घर में घुस आया था। अचानक युवती का पिता घर में पहुंच गया, जिसके बाद नाबालिग ने पिता को आपबीती सुनाई। पुलिस ने आरपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी।