कठुआ। नशे की लत दूसरों को ही बर्बाद नहीं करती, अपनों पर भी भारी पड़ जाती है। कठुआ पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी ने चक दराब खान में रूटीन पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को हेरोइन की खेप के साथ पकड़ा। इसी बीच उसकी मां ने यह सब होते देख लिया, जिसके बाद वह मौके पर ही अचेत हो गई। पुलिस ने आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया।
सिटी थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक पिछले करीब बीस साल से नशे का कारोबार कर रहा था, लेकिन अब तक पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा। शनिवार को पुलिस टीम ने जब उसे 8 ग्राम हेरोइन के साथ हिरासत में लिया तो पास में ही खड़ी उसकी मां ने यह सब देख लिया और बेहोश हो गई। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान अश्वनी कुमार निवासी चक दराब खान के रूप में हुई है।