कठुआ। एक करोड़ की लूट मामले में आठ लोगों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस की जांच निष्कर्ष तक पहुंचने लगी है। 26 अक्तूबर को नेशनल हाईवे पर एक करोड़ रुपये की लूट को अंजाम देने वाले लुटेरों की निशानदेही पर पुलिस ने करंसी का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया है। ऐसा भी अंदेशा है कि लुटेरों ने पुलिस की दबिश से डर कर पहले ही करंसी का कुछ हिस्सा जला दिया था। फिलहाल कुल कितने रुपये बरामद हुए हैं, इस बारे में पुलिस ने कोई जानकारी नहीं दी है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो लूट की पूरी वारदात को बाड़ी ब्राह्मणा स्थित एक फैक्ट्री के एक अधिकारी ने सुनियोजित ढंग से अंजाम देने के लिए मास्टर प्लान बनाया। इसके लिए उसने कई और लोगों को भी प्लान में शामिल किया। बाकायदा बुलेरो को भी रामबन से साजिश में शामिल एक लुटेरे के रिश्तेदार से हासिल किया गया। लूट को अंजाम देने के लिए लुटेरों ने नेशनल हाईवे का कठुआ के नजदीक का इलाका चुना। लुटेरों ने फैक्ट्री से दिल्ली के लिए निकलने वाली करंसी की जानकारी मिलते ही 26 अक्तूबर की रात काम शुरू कर दिया। प्लान में जिसे जो काम सौंपा गया उसने वह भूमिका निभाई। लुटेरों को अंदेशा था कि इकाई से भेजी जा रही राशि संभवत: ब्लैक मनी है और ऐसे में शायद इसकी शिकायत भी न की जाए, लेकिन इकाई की ओर से शिकायत किए जाने और पुलिस की लगातार दबिश के बाद लुटेरों के हौसले पस्त होते चले गए और धीरे-धीरे लुटेरे पुलिस की गिरफ्त में आने लगे। पुलिस की दबिश से डरकर ही लुटेरों ने करंसी को भी जला दिया, ताकि बरामदगी ही न हो पाए। फिलहाल पुलिस का कोई भी अधिकारी इस पूरे घटनाक्रम पर बोलने को तैयार नहीं हैै। एसपी कठुआ के अनुसार शनिवार को मामले के खुलासे के लिए पत्रकारवार्ता की जाएगी।
--बयान--
पुलिस की जांच लगभग निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लूटी गई करंसी का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया गया है। ऐसा अंदेशा है कि लुटेरों ने कुछ करंसी को जला दिया था, जिसकी पड़ताल की जा रही है।
-श्रीधर पाटिल, एसपी कठुआ