हीरानगर। हीरानगर सब डिवीजन के हीरानगर और राजबाग थाना के अंतर्गत दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात हीरानगर थाना के अंतर्गत कंडी क्षेत्र के बदोली गांव के नजदीक एक थ्री टायर स्कूटी अचानक पलट गई। इसमें स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जीएमसी जम्मू ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान रणजीत सिंह निवासी सरोर (बड़ी ब्राह्मणा) के रूप में हुई। जानकारी के वह अपने ससुराल जा रहा था।
वहीं, दूसरा हादसा बुधवार को जम्मू-पठानकोट हाईवे पर राजबाग के पास हुआ। जहां बिना नंबर के ईको वैन और बस (एमपी 13पी 6133) की टक्कर हो गई। इसमें वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार एक महिला गंभीर घायल हुई। जिसे स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान देस राज निवासी हरिपुर (बसोहली) और महिला की पहचान सेवा रानी निवासी बसंतपुर (कठुआ) के रूप में हुई। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।