कठुआ। नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शराब की तस्करी का प्रयास विफल किया है। इसके साथ ही विभाग ने उस वाहन को भी जब्त कर लिया, जिसमें पंजाब से जम्मू-कश्मीर के लिए शराब लाई जा रही थी। इसके साथ ही वाहन में सवार दो लोगों को पकड़ा गया है।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब से जम्मू-कश्मीर की ओर आ रही एक कार पीबी11 एके-9962 को टोल प्लाजा पर जांच के लिए रोका गया। इस दौरान कार में से 120 बोतल शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग के डिप्टी एक्साइज कमिश्नर आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि यह शराब केवल अरुणाचल प्रदेश में ही बेची जा सकती है जसिे तस्करी कर यह लोग जम्मू कश्मीर में ला रहे थे। उन्होंने कहा कि इस समय राज्य में चुनावी माहौल है और ऐसे में चुनाव के दौरान इस प्रकार की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। विभाग ने इस को देखते हुए ही टोल प्लाजा पर नाके का इंतजाम किया था और नाके के दौरान जांच में गाड़ी से 120 बोतल शराब बरामद की गई। उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार दो लोगों की पहचान सोनू राम पुत्र ओमप्रकाश निवासी बडली कलां और उसका साथी बलबीर सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी कोटली पठानकोट के रूप में हुई है। विभाग ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।