कठुआ। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से आतंकियों का एक दल घुसपैठ की एक बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में है। इस इनपुट पर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हीरानगर सेक्टर में बोबिया के ठीक सामने पड़ते पाकिस्तान के सुखमल गांव में संदिग्ध हलचल पाई जा रही है। खुफिया सूत्रों ने बताया कि लशकर-ए-तैइबा के तीन से चार आतंकियों का दल भारतीय सीमा पर घुसपैठ की फिराक में हैं। आने वाले दिनों में वे घुसपैठ की कोशिश कर सकते हैं। हाल ही में झज्जर कोटली एनकाउंटर के बाद सामने आई पड़ताल में साफ हुआ था कि आतंकी एक बार फिर घुसपैठ के पुराने रूट का इस्तेमाल करने लगे हैं। बेई नाला, तरनाह और जिला के सरहदी इलाके के छोटे नालों से घुसपैठ की कोशिशें पूर्व में भी होती रही हैं। हालांकि आतंकी पहले पहाड़ों की ओर पैदल ही बढ़ जाते थे और अब जम्मू संभाग में कम हो चुके आतंक के प्रभाव के चलते आतंकी सेफ रूट के लिए श्रीनगर तक हाईवे का सहारा लेते रहे हैं।
बोबिया के सामने पाकिस्तानी सीमा के जिस इलाके में आतंकियों को लेकर इनपुट जारी हुआ है झज्जर कोटली एनकाउंटर में शामिल आतंकियों की ओर से भी इसी क्षेत्र के आसपास से घुसपैठ की आशंका जताई जा रही है। इनपुट मिलने के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों ने चौकसी और बढ़ा दी है।