कठुआ। आल जेएंडके पुलिस पसर्नल फोरम के सदस्यों ने रविवार को ड्रीम लैंड पार्क रोड पर मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से हर बार उन्हें लालीपॉप थमाया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों में शामिल फोरम के प्रधान सतपाल शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों के पांचवें वेतन आयोग को लागू करने की मांग को सरकार द्वारा जानबूझ कर देरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वेतन विसंगति समिति द्वारा की गई सिफारिश के तहत जनवरी 1996 से पांचवें वेतन आयोग को लागू करना है, जिसके लिए सरकार को मात्र 6 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।
इस मौके पर कुलदीप सिंह, चूनी लाल, शिव दास, भोला नाथ आदि ने कहा कि इस महंगाई के दौर में मेडिकल भत्ता को 300 रुपये से बढ़ाकर कम से कम पांच हजार रुपये किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पुलिस कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बच्चों को पुलिस में 10 फीसदी आरक्षण उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि उक्त मांगों के लिए सरकार ने अब तक तीन कमीशनों की रिपोर्ट को दरकिनार करते हुए चौथा कमीशन बैठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि सरकार उनका समय बर्बाद कर रही है और बार-बार आश्वासन और कमीशन बैठाकर उन्हें परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि हमारी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को उग्र करने को मजबूर होना होगा।