पुंछ। रविवार को सुबह मंडी तहसील मुख्यालय स्थित थाने से एक अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। उसकी पहचान इश्तियाक अहमद पुत्र बाग हुसैन निवासी सुरनकोट के रूप में हुई है। थाने से आरोपी के फरार होने बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जहां दिन भर क्षेत्र में कई स्थानों पर छापेमारी को अंजाम दिया। अपराधी के फरार होने की जांच शुरू कर दी है। थाने के किसी अपराधी के इस तरह फरार होने की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों ने पुलिस विशेष कर थाने के मुख्य द्वार पर तैनात संतरी पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
शनिवार को देर शाम मंडी पुलिस ने क्षेत्र में महिलाओं के कपड़े पहन कर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक शख्स को पकड़ा और उसे थाने ले जाकर पूछताछ के लिए बिठा दिया। जहां आरोपी ने अपना नाम इश्तियाक अहमद पुत्र बाग हुसैन निवासी सुरनकोट बताया, लेकिन महिलाओं के कपड़ों में क्षेत्र में घूमने के कारणों के बारे में कोई उचित उत्तर नहीं दिया। जिसको लेकर पुलिस ने उसे रात में थाने में ही रखना उचित समझा ताकि उससे सही प्रकार पूछताछ की जाए। इस बीच रविवार की सुबह तड़के छह बजे पुलिस को इस बात का आभास हुआ कि इश्तियाक अहमद थाने से फरार है तो उसकी तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक फरार आरोपी पुलिस के हाथ नहीं चड़ पाया था। इस मामले को लेकर जहां पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी कोई अपराधी था ऐसा हमारे पास कुछ सबूत नहीं था और न ही उसके खिलाफ थाने में कोई मामला दर्ज है उसे तो पूछताछ के लिए लाया था अब उसके खिलाफ थाने के भागने की कार्रवाई की जाएगी।