रामकोट। तहसील के कोमला इलाके में बंदूक की गोली लगने से एक 61 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना से बाद उन्हें आनन-फानन में जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घायल की पहचान पूर्ण चंद पुत्र शंकर दास निवासी कोमला के रूप में हुई है।
जीएमसी कठुआ में उपचाराधीन पूर्ण चंद के बेटे ने बताया कि उनके पिता शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी बंदूक के साथ खेत की ओर पैदल जा रहे थे। इस दौरान उनका पैर फिसलने के कारण वह गिर गए और पहले से लोड उनकी बंदूक चल गई। इससे निकली गोली सीधी उसके पेट में जा लगी। अचानक गोली लगने और उनके कराहने की आवाज सुनकर वहां कई अन्य लोग आ गए। उनकी मदद से उन्हें अस्पताल लाया गया है।
इस बारे में रामकोट पुलिस चौकी प्रभारी संजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घायल व्यक्ति को सीधा उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस इस घटना पर नजर बनाए हुए है।