कठुआ। शहर के मुख्य बाजार से सटे विजय मार्केट में स्थित एक कारखाने में संदिग्ध हालात में स्वर्ण कारीगर मृत मिला। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी कठुआ भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव को मृतक के भाई को सौंप दिया गया।
उसकी पहचान 24 वर्षीय एसके गयासुद्दीन निवासी श्रीरामपुर हुबली वेस्ट बंगाल के रूप में हुई है। घटना के संबंध में दुकानदार अश्विनी कुमार ने बताया कि वह कई सालों से कठुआ में रहकर स्वर्ण आभूषण की पॉलिश व अन्य प्रकार के काम करता था। इसके लिए उसने विजय मार्केट में दुकान ले रखी थी। उन्होंने कहा कि कठुआ शहर में उसके घर के आसपास के काफी लोग व उसका भाई भी स्वर्ण आभूषण का कारीगर है।