कठुआ। कठुआ में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने पर नगर परिषद ने सोमवार को विभिन्न चौक-चौराहों, अल्ट्रासाउंड केंद्र, पुलिस थाना परिसर व अन्य स्थानों को सैनिटाइज कराया।
गौरतलब है कि गत दिनों लखनपुर में पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, जिसने नगर के विभिन्न हिस्सों में ड्यूटी दी थी। इसके अलावा शहीदी चौक स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र में आई महिला के कोरोना संक्रमित निकलने का संज्ञान लेते हुए नगर परिषद ने सोमवार को शहर के विभिन्न हिस्सों को सैनिटाइज करने का अभियान चलाया। नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस थाना परिसर कठुआ, मुखर्जी चौक, शहीदी चौक व एक निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र में दवा का छिड़काव किया गया।
नगर परिषद के अध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमित निकले पुलिसकर्मी ने शहीदी चौक, मुखर्जी चौक व कठुआ पुलिस थाने में ड्यूटी दी थी। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड केंद्र में भी कोरोना पाजिटिव महिला के आने के बाद कोरोना संक्रमण को सामाजिक स्तर पर फैलने से रोकने के लिए सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। नगर परिषद अध्यक्ष ने लोगों से चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन के साथ-साथ परिषद भी पूरी तरह से सजग है। अभियान के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष रेखा देवी व अन्य कर्मचारी साथ रहे।