कठुआ जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा है। रविवार को कठुआ शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से कोरोना संक्रमण के 14 नए मामले आए हैं। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब तक जिले में कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा भी 732 तक पहुंच गया है। कोरोना संक्रमण के 14 मामलों में छह पुलिस कर्मी भी शामिल हैं, जिनमें एक हेड कांस्टेबल और पांच स्पेशल पुलिस अफसर हैं। यह सभी जिला पुलिस लाइन में तैनात थे। पुलिस लाइन में तैनात कर्मियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया है।
इन पुलिस कर्मियों में किश्तवाड़ के रहने वाले हेड कांस्टेबल शामिल हैं। इसके अलावा रामकोट के लाखड़ी का रहने वाला, हीरानगर के कूटा निवासी एसपीओ, बिलावर के किश्नपुर निवासी एसपीओ और बिलावर के बग्गन निवासी एसपीओ कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी का रैपिड टेस्ट लिया गया था, जिसमें संक्रमित पाए गए हैं।
इसके अलावा कठुआ शहर के साथ हटली मोड़ स्थित एक औद्योगिक इकाई के पांच कर्मी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके संक्रमित होने के बाद औद्योगिक इकाई में उनके साथ काम करने वाले अन्य सहयोगियों के भी संक्रमित होने का खतरा पैदा हो गया है।
इसी तरह कठुआ के गंडयाल क्षेत्र से भी कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आए हैं। यह पति-पत्नि हैं। इसके साथ ही लखनपुर में तैनात किश्नपुर कंडी का रहने वाला एसपीओ भी रैपिड टेस्ट में संक्रमित पाया गया है। चड़वाल निवासी एयरफोर्स कर्मी भी कोरोना संक्रमित निकला है। वह हाल ही में दिल्ली से लौटा था। सभी संक्रमितों को राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ के कोविड केयर केंद्र में भर्ती करवाया गया है। डीसी कठुआ ने बताया कि जिले में अबतक सामने आए संक्रमितों का आंकड़ा 732 पहुंच गया है। निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद 16 लोगों को कोविड केयर सेंटरों से छुट्टी भी दी गई है।