कठुआ/महानपुर। लखनपुर थीन मार्ग को लेकर वन और वन्यजीव क्लीयरेंस मिलने के बाद आखिरकार काम शुरू हो गया है। 22 करोड़ की लागत से लोक निर्माण विभाग की ओर से इस सड़क का विस्तारीकरण किया जा रहा है, जो लखनपुर और बसोहली को जोड़ने वाला सड़क का एक हिस्सा है। इसी क्षेत्र में शाहपुर कंडी परियोजना का डूब क्षेत्र भी है, जहां नौरा पुल का निर्माण किया जाना भी प्रस्तावित है।
नौरा पुल के बनने के बाद शाहपुर कंडी परियोजना में जलभराव शुरू किया जाएगा। जिससे जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों को 11350 क्यूसेक पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। जिला विकास परिषद के चेयरमैन महान सिंह और सदस्य डॉ. श्वेता ने यह निर्माण शुरू कराया है। निर्माण के लिए एक वर्ष का समय निर्धारित किया गया है। नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से लखनपुर और बसोहली के बीच यात्रा सुगम होने की उम्मीद है। संवाद