जिले में कोहरे की मार से बढ़ीं दुश्वारियां
तापमान में गिरावट, ठंड से राहत पाने के लिए लोग अलाव का ले रहे सहारा
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सुबह और शाम बारिश की तरह गिरती कोहरे बूंदे दुश्वारियों में इजाफा कर रही हैं। सर्दी से राहत पाने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। इस बीच कठुआ शहर के अधिकतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते तीन दिन में दिन का अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस अधिकतम रहा है। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है जो नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
तेज धूप न खिलने से हाड़ कंपाने वाली ठंड ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। इसकी वजह से दिन में भी जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। वहीं ठंड से बचने के लिए अपने-अपने तरीके से उपाय कर रहे हैं। बनी सब डिवीजन में दिन का अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा, तो वहीं देर शाम के बाद परेशानियों में इजाफा हो जाता है। बनी कसबे में न्यूनतम तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।