सड़क पर नियमों को अनदेखा कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के चालान काटती ट्रैफिक पुलिस। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। शहर में सड़क यातायात को बेहतर बनाने के साथ-साथ सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार सख्ती बढ़ती जा रही है। शनिवार को पुलिस टीम ने शहर के कालीबाड़ी चौक और नहर के पास नाका लगाकर 55 वाहन चालकों के चालान करते हुए उनसे करीब 23 हजार रुपया जुर्माना वसूला साथ ही चार वाहनों को दस्तावेज न होने के कारण उन्हें सीज कर दिया।
कार्रवाई के संबंध में डीटीआई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में सबसे ज्यादा दो पहिया वाहन चालकों की ओर से यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जाती है। बार-बार आग्रह करने के बावजूद चंद वाहन चालकों को छोड़कर ज्यादातर वाहन चालक हेलमेट के उपयोग से बचते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से सख्ती किए जाने का उद्देश्य राजस्व वसूलना नहीं बल्कि लोगों को सुरक्षा प्रदान करना है। अगर लोग खुद जागरूक हो तो उन्हें इस पुलिस की कार्रवाई से परेशान भी नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा इन दिनों देखा जा रहा है की कुछ दोपहिया बाइक सवार अपने वाहनों के साइलेंसर के साथ छेड़छाड़ कर उसे तेज आवाज वाला बनाते हैं। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस तरह के जितने भी वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस की जद में आते हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है। लिहाजा लोग यातायात के लिए निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही सड़कों पर अपने वाहन चलाएं।