लखनपुर में हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर गोल्डेन गेट के पास खड़े ट्रक से एक कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जारी है।
शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे पंजाब की ओर जा रही कार (सीएच01बीबी-2515) हाईवे के किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार अमन शर्मा (27) और जतिन शर्मा (28) पुत्र भारत भूषण निवासी हीरानगर लहूलुहान हो गए। इसके बाद वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए और हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को कार से निकालकर जीएमसी कठुआ पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अमन शर्मा की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे उपचार के लिए पंजाब के निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसका इलाज जारी है। इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ। परिजनों को रो-रो कर हाल बेहाल है। इस संबंध में फिलहाल पुलिस ने धारा 279, 337 में मामला दर्ज किया है।