बिलावर। जम्मू कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन की ओर से रविवार को जम्मू के पंजतीर्थी से बिलावर के सुकराला माता देवस्थान के लिए बस सेवा की शुरुआत हो गई। जेएंडके आरटीसी के अधिकारी ने बताया कि बस हर दिन सुबह 7:00 बजे जम्मू के पंजतीर्थी से सुकराला के लिए रवाना होगी। बस वाया सरुईंसर से गुजरती हुई मानसर से राम कोट, नगरोटा से होकर बिलावर पहुंचेगी।
इसके बाद बस सुकराला के लिए रवाना होगी और दोपहर 12 बजे सुकराला माता गांव में पहुंचेगी। दोपहर एक बजे सुकराला गांव से बस सेवा दोबारा उसी रूट से जम्मू के लिए रवाना होगी और शाम 6:00 बजे जम्मू पहुंचेगी। बस सेवा हर दिन प्रदान की जाएगी। बस सेवा शुरू होने के बाद लोगों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकार की ओर से लोगों की बड़ी पुरानी मांग को पूरा किया गया है। रविवार दोपहर 3:00 बजे बस के नगरोटा गांव पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र सिंह सहित अन्य कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बस चालक को हार पहनाकर स्वागत किया।