कठुआ। जम्मू कश्मीर में चुनी हुई सरकार के न होने के कारण अफसरशाही हावी हो गई है। जिसके कारण आम लोगों की आवाज सरकार तक पहुंच नही पा रही है। जिसके कारण लोगों को कई ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जो कि लोकतांत्रिक तरीके से बनी सरकार में नही होनी थी। उक्त बातें शहर के वार्ड 12 में लोगों के साथ बैठक करते हुए पूर्व वनमंत्री राजीव जसरोटिया ने कही।
बैठक के दौरान स्थानीय लोगों ने पूर्व मंत्री से समक्ष वार्ड में व्याप्त सड़क, बिजली, पानी और नाले के चैनलाइजेशन की मांग रखते हुए कहा कि उनके कार्यकाल केे दौरान लोग अपनी किसी भी प्रकार की समस्या को लेकर उनसे संपर्क करते थे। जिनका समाधान भी होता था। लेकिन वर्तमान समय में वह लोग नेतृत्व विहीन हो गए है। जिससे समस्याओं में लगातार इजाफा हो रहा है।
वहीं, बैठक में मौजूद कठुआ नगर परिषद उपाध्यक्ष रेखा कुमारी ने उपस्थित लोगों से कहा कि उनकी जो भी समस्याएं है। उसे लेकर वह कभी भी नगर परिषद के कार्यालय आ सकते हैं। नगर परिषद के दायरे में आने वाली समस्याओं का समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। पूर्व वन मंत्री राजीव जसरोटिया ने लोगों द्वारा उठाई गई विभिन्न समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर वचनबद्ध है। लोगों द्वारा जो समस्याएं उनके समक्ष रखी गई है। उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से बात की जाएगी।