बनी के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के चलते बनी-भद्रवाह मार्ग एक बार फिर बंद हो गया है। छत्तरगलां के नजदीक आधा फीट तक हुई बर्फबारी के चलते इसके साथ ही सड़क के निर्माण कार्य पर भी ब्रेक लग गई है।
तापमान में भारी गिरावट के चलते भी काम करना मुश्किल होता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हर साल दिसंबर महीने में बर्फबारी के कारण बनी भद्रवाह मार्ग पर जहां यातायात ठप हो जाता है वहीं सड़क निर्माण पर भी ब्रेक लग जाती है।
अमूमन यह काम मार्च महीने में जाकर एक बार फिर शुरू हो पाता है। लेकिन इस बार ग्रेफ के अधिकारी मौसम के मिजाज से फिलहाल हार मानने को तैयार नहीं हैं।
भद्रवाह-बनी सड़क निर्माण का कार्य देख रहे ग्रेफ के ओसी सुनील कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिनों में सरथल से भद्रवाह सड़क पर बर्फबारी के चलते काम बंद है, लेकिन कोशिश की जा रही है कि मार्ग को सुचारु कर एक बार फिर काम को शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि मौसम का अनुकूल रहना बहुत जरूरी है।
चूंकि तापमान में भी भारी गिरावट है। ऐसे में काम करने में भी भारी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के चलते यह यदि काम प्रभावित होगा तो फिर मार्च में जाकर ही बहाल हो पाएगा। ऐसे में ग्रेफ की ओर से कोशिश है कि जहां तक हो सके मार्ग को सुचारु रखा जाए।