पल्ली में रविवार को आयोजित सार क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बरनोटी की टीम ने अपने नाम कर लिया। बरनोटी ने इस मुकाबले में निहालपुर की टीम को छह रन से हरा दिया।
सार हार्डवेयर द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में 18 टीमों से हिस्सा लिया था। फाइनल मुकाबले के मौके पर ट्रक यूनियन के सदस्य भी उपस्थित रहे। फाइनल में टास जीतकर निहालपुर की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
कप्तान का यह फैसला महंगा साबित हुआ। बरनोटी के बल्लेबाजों ने निहालपुर के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। बरनोटी ने आठ ओवर में 140 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी निहालपुर की टीम ने भी जीत के लिए डटकर मुकाबला किया, लेकिन किस्मत बरनोटी के साथ थी। निहालपुर के बल्लेबाज आठ ओवर समाप्त होने तक 135 रन ही बना पाए।
छह रन से निहालपुर की टीम को हार का सामना करना पड़ा। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले जसप्रीत को मैन आफ द मैच चुना गया। इस मौके पर आयोजक कमेटी के कमल शर्मा, जुगल शर्मा, सिद्धार्थ, ईशु, सेठी आदि मौजूद रहे।