महानपुर में आयोजित ब्लॉक दिवस कार्यक्रम के दौरान समस्याएं सुनते डीसी राहुल यादव व अन्य अधिकारी, ?
- फोटो : KATHUA
महानपुर। उपायुक्त राहुल यादव ने ब्लॉक दिवस के अवसर पर महानपुर के लोगों की समस्या को जाना। इस दौरान विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों और आम लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, आदि के अधूरे पड़े कार्यों, मनरेगा के अंतर्गत बकाया राशि न मिलने, आदि समस्याओं को रखा।
लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित ब्लॉक दिवस में विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने कहा कि तहसील में पानी की सप्लाई सुचारू नहीं है। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरपंच सोहन लाल गुप्ता, सुरजीत सिंह और सविता देवी ने कहा कि कस्बे में बनाए जा रहे सुलभ शौचालय का कार्य बंद पड़ा है।
इस मौके पर ट्रॉमा अस्पताल में ओटी टेक्निशियन के खाली पद होने की जानकारी भी दी। लोगों ने बिजली और मनरेगा की बकाया राशि जल्द दिलवाने की मांग भी रखी। समस्याएं सुनने के बाद उपायुक्त ने कहा कि पंचायतों को और मजबूत करने की जरूरत है। सरपंचों को विभागों की देखरेख की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे उन्हें पूरी ईमानदारी से निभाना होगा।
इस मौके पर उन्होंने बीएमओ से बात कर मौके पर ही ओटी टेक्निशियन के खाली पद पर नियुक्ति करा दी। जबकि विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लोगों की समस्याओं को जल्द से जल्द हल करें। इस दौरान एडीसी बसहोली तिलक राज थापा, तहसीलदार महानपुर राधिका सोहन, वीडीओ नवदीप सब्बरवाल, बीडीसी चेयरमैन राज सिंह, सरपंच राजेंद्र सिंह, सरपंच शेर सिंह, सरपंच दर्शन कोहली, सरपंच पवन वर्मा, आदि उपस्थित रहे।
ब्लॉक दिवस कार्यक्रम में उपस्थित लोग, संवाद।- फोटो : KATHUA