हीरानगर। जरूरतमंद लोगों को ‘सबके लिए घर’ योजना का लाभ देने की मांग कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश कुंडल ने रविवार को वार्ड नंबर सात में एक बैठक के दौरान की। यहां उन्होंने लोगों से बात करते हुए समस्याओं की जानकारी ली, तो इसी दौरान कुछ लोगों ने बताया कि वह सालों से यहां रह रहे हैं, लेकिन जमीन का पंजीकरण न होने के कारण उन्हें सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
इस पर रमेश कुंडल ने मांग करते हुए कहा कि निकाय समिति के अध्यक्ष एक बैठक बुलाकर सभी पार्षदों से बात करें और एक प्रस्ताव पारित करें ताकि सभी जरूरतमंद लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा बहुत से जरूरतमंद लोग जमीनों की रजिस्ट्रेशन न होने के कारण इस योजना से वंचित रह रहे हैं। उन्हें कहा जा रहा है कि अगर योजना का लाभ लेना है तो जमीन का पंजीकरण कराएं। अगर यह गरीब लोग जमीनों के पंजीकरण कराने के लिए हजारों रुपये खर्च कर सकते तो पक्के घर भी बना सकते हैं। इनके आर्थिक हालात को देखते हुए सरकारी योजना का लाभ दिलाने के लिए समिति को कोई हल निकालना चाहिए। उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा इस समस्या को लेकर निकाय समिति अध्यक्ष से जल्द मुलाकात कर समाधान के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।