संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर कॉम्पलेक्स में आयोजित अंतर जिला संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-14 लड़कों के वर्ग में पुंछ की टीम ने खिताब अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में पुंछ ने सांबा को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में सांबा ने उधमपुर को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में पुंछ ने मेजबान कठुआ की टीम को 2-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल में पुंछ और सांबा के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुंछ ने एकल मुकाबले में 2-1 से जीत दर्ज की, जबकि युगल मुकाबले में 2-0 से जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों से आए युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा, खेल भावना तथा प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए अनुभव हासिल करने का अवसर मिला। विभाग के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है।