महानपुर में लोगों की समस्याएं सुनते उपायुक्त कठुआ ओपी भगत।
- फोटो : KATHUA
महानपुर। तहसील की पंचायतों में शनिवार को बैक-टू-विलेज चरण-3 के तहत ग्रामसभाएं हुईं। तहसील की 15 पंचायतों में बैक-टू-विलेज कार्यक्रम के दूसरे दिन सरपंच और पंचों की सहमति से मनरेगा प्लान 2021-22, 15वें वित्त आयोग का प्लान बनाया गया, जबकि पीएमएवाई की सूचि की जांच भी की गई। बैक-टू-विलेज के तहत जिला उपायुक्त कठुआ ओपी भगत और अतिरिक्त जिला उपायुक बसहोली तिलक राज थापा ने पंचायत महानपुर और दमलाड का दौरा कर जायजा लिया।
जिला उपायुक्त ने पहले दमलाड पंचायत में दौरा किया और पंचायत की समस्या को सुना। लोगों ने बिजली-पानी और सड़क आदि की समस्याओं को रखा। उन्होंने पंचायत को स्पोर्ट्स किट सौंपी। इसके अलावा उपायुक्त ने कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी जायजा लिया। कार्यक्रम में बीडीसी चेयरमैन राज सिंह और कुलदीप वर्मा, प्रभावरी सरपंच उपस्थित रहे।
इसके पश्चात जिला उपायुक्त लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पहुंचे। यहां उन्होंने महानपुर के सरपंचों, पंचों और गणमान्य व्यक्तियों से भेंट की। सरपंच सोहन लाल गुप्ता ने जिला उपायुक्त को बताया कि ट्रामा अस्पताल महानपुर में डॉक्टरों की कमी है। श्मशान घाट जाने वाली सड़क का निर्माण किया। महाविद्यालय महानपुर में तीन वर्षों से खड़ी बसों को चलाने और हायर सेकेंडरी स्कूल में अतिरिक्त विषय शुरू करवाने की मांग रखी। महानपुर-सी पंचायत की सरपंच सविता देवी ने पंचायत के तालाब में मछली डालने की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
जिला उपायुक्त ने कुछ समस्याओं को मौके पर हल किया। उन्होंने कहा कि अन्य जो भी समस्याएं हैं, उनको भी जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। इस मौके पर बीडीओ परमवीर सिंह, सहायक कार्यकारी अभियंता एसके गुप्ता, विजिटिंग ऑफिसर रविंद्र सिंह, नायब तहसीलदार प्रेमलाल, नायब तहसीलदार पूर्णचंद्र आदि उपस्थित रहे।