राष्ट्रीय जनता दल ने हाथरस मामले पर योगी सरकार का पुतला फूंक किया प्रदर्शन।
- फोटो : KATHUA
कठुआ। उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड मामले में लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कठुआ शहर में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के कार्यकर्ताओं ने हाथरस कांड के विरोध प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे आरजेडी नेता एसके भंडारी और मनोहर लाल डोगरा ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ का नारा देती है, दूसरी तरफ बेटियों के साथ हो रहे अन्याय और अपराध पर चुपी साधे बैठी है। इससे सरकार के नारों पर से भी भरोसा उठने लगा है। अब लगता है कि देश में बेटियों का जीवन मुश्किल हो जाएगा, क्योंकि इस घटना के बाद सरकार, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की भूमिका भी असंवेदनशील है।
देश के हर घटनाक्रम पर ट्वीट व रेडियो पर अपने मन की बात करने वाले प्रधानमंत्री की इस मामले पर चुप्पी लोगों के गुस्से को बढ़ा रही है। उन्होंने घटना में आरोपितों को कड़ी सजा देने के साथ-साथ ऐसे कड़े प्रावधान करने की मांग की, जिससे समाज में ऐसे अपराधों पर अंकुश लगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द हाथरस कांड के मामले में सही जांच नहीं की गई तो जगह-जगह हो रहे प्रदर्शन जन आंदोलन का रूप ले लेंगे, जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।