कठुआ। विश्व पर्यावरण सप्ताह के तहत लखनपुर में वन विभाग के सामाजिक वानिकी प्रभाग ने बुधवार को लखनपुर नगर कमेटी के सहयोग से पॉलिथीन मुक्त जागरूकता रैली निकाली। इसमें कर्मचारियों ने कस्बे में सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया।
नगर कमेटी के कार्यालय से शुरू हुई रैली कस्बे के विभिन्न स्थानों से गुजरती हुई वापस मुख्य अड्डे पर संपन्न हुई। इसके बाद कस्बे में पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। नगर कमेटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा व रेंज अधिकारी शक्ति दत्त शर्मा ने इसका शुभारंभ किया।
अध्यक्ष ने कहा कि धरती का लगातार बढ़ रहा तापमान खतरे की घंटी है। हमें इसके प्रति जागरूक होना होगा। आने वाले मानसून में कमेटी ने पूरे कस्बे में हरियाली को बढ़ावा देने के लिए करीब 2000 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इसे वन विभाग के सहयोग से पूरा किया जाएगा। रेंज अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में होने वाले पौधरोपण में विभाग कमेटी को हर तरह से सहयोग करेगा। मौके पर कमेटी के पूर्व चेयरमैन सुरमूदीन, काका राम, सुभाष चंद्र रैना आदि मौजूद रहे।