पुलिस कर्मियों को गच्चा देकर शुक्रवार सुबह नशीले पदार्थों का तस्कर सिटी पुलिस थाना से फरार हो गया। पूरा दिन फरार आरोपी को ढूंढने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्यूटी पर तैनात संतरी को निलंबित करके उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह शौच के लिए हवालात से बाहर निकाल गया आरोपी पुलिस की सारी सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए भाग निकला। जब पुलिस कर्मियों को आरोपी के भागने का पता चला तो पूरे पुलिस थाने में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस कर्मी फरार हुए आरोपी को ढूंढने के लिए शमशान घाट की तरफ भागे लेकिन पूरा दिन खाक छानने के बाद भी आरोपी का कोई पता नहीं चला।
बता दें कि 4 अप्रैल को जिला पुलिस लाइन की नफरी ने जिला अदालत परिसर से नशीले कैप्सूल सहित एक तस्कर को पकड़ा था। जिसकी पहचान रविंद्र सेनी उर्फ साबू निवासी बत्ती मोड़ नगरी के रूप में हुई थी। पुलिस ने उसके विरुद्घ धारा 8/21/ 22 एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था।
एसपी नीवा जैन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उस वक्त ड्यूटी पर तैनात संतरी को निलंबित करने के साथ उस पर धारा 222, 232 के तहत मामला दर्ज कर लिया।
एसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक सिपाही को निलंबित कर दिया, लेकिन थाने की कमान संभालने वाले पर कोई कार्रवाई का आदेश नहीं देने पर तरह-तरह के कयास लगने शुरू हो गये हैं। पुलिस थाने से फरार हुए आरोपी के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।