संत निरंकारी भवन में आयोजित रक्तदान करती अनुयायी महिलाएं। संवाद
- फोटो : KATHUA
कठुआ। संत निरंकारी सत्संग भवन कठुआ में मानव एकता दिवस पर विशेष सत्संग व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर संत निरंकारी मिशन के जिला संयोजक बीआर निरंकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सैकड़ों निरंकारी संगत के समक्ष प्रवचन करते हुए उन्हें मानवता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं रक्तदान शिविर में 102 अनुयायियों ने आगे आते हुए जीएमसी कठुआ के बल्ड बैंक को रक्तदान किया। वहीं, 331 रक्तदाताओं ने इसके लिए अपने पंजीकरण करवाए।
रक्तदान शिविर का आयोजन के संबंध में संत निरंकारी मिशन के क्षेत्रीय संचालक एसपी निरंकारी ने बताया कि आज के ही दिन मानवता की सेवा के लिए अपने जीवन को अर्पित करने वाले बाबा गुरबचन सिंह ने शहादत दी थी। उनके सम्मान में पूरे विश्व भर में निरंकारियों द्वारा आज रक्तदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्रम में भारत भर के विभिन्न स्थानों पर स्थिति संत निरंकारी मिशन की 272 शाखाओं में इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसका वर्चुअल उद्घाटन नई दिल्ली से सुदीक्षा जी महाराज ने किया है। वहीं इस मौके पर संचालक यशपाल शर्मा ने बताया कि संत निरंकारी मिशन समय-समय पर समाज हित से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। इसमें पौधरोपण से लेकर सफाई अभियान जैसे जनसेवा के कार्य शामिल हैं। आज शाखा द्वारा यह 20वां रक्तदान शिविर लगाया गया है। इसमें करीब 102 रक्तदाताओं ने पहुंचकर रक्तदान किया। अंत में आश्रम में विशाल लंगर सेवा आयोजित की गई।
संत निरंकारी भवन में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अनुयायी। संवाद- फोटो : KATHUA