बिलावर। मल्हार शिक्षा जोन के मिडिल स्कूल किंडली में अध्यापकों की कमी को लेकर लोगों ने सोमवार को शिक्षा विभाग के खिलाफ रोष प्रकट किया। स्थानीय निवासी गणेश कुमार के नेतृत्व में गांव के कई लोग एकत्रित हो गए, और जिला प्रशासन, मुख्य शिक्षा अधिकारी और जोनल शिक्षा अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मिडिल स्कूल किंडली में पहले से ही कई अध्यापकों के पद रिक्त हैं। उसके बावजूद स्कूल में तैनात एक अध्यापक को हाईस्कूल नाठी में स्थानांतरित कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए कहा कि स्कूल में अध्यापकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उसके बावजूद शिक्षक को दूसरे स्कूल में तैनात किया गया है। इसका वह विरोध करते हैं। लोगों ने अधिकारियों के खिलाफ नारे भी लगाए और जल्द से जल्द स्कूल में रिक्त पदों को भरने की मांग की। दोपहर 2:00 बजे से शुरू हुआ प्रदर्शन 3:00 बजे तक जारी रहा, जिसमें इलाके के करीब 60 लोग शामिल रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द रिक्त पदों को नहीं भरा जाता, तो आने वाले दिनों में लोग शिक्षा विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।