बसोहली। एडीसी तिलकराज थापा ने खंड चिकित्सा अधिकारी अनुराधा केरनी के साथ शुक्रवार को शीतलनगर ब्लॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राइमरी हेल्थ सेंटर हट्ट पहुंचकर खंड चिकित्सा अधिकारी से कोरोना वैक्सीनेशन से संबंधित जानकारी ली। चिकित्सा सेंटर के भवन की खस्ताहाल दशा को देखते हुए उसे ठीक करवाने को कहा।
जम्मू-कश्मीर के हट्ट माशका को हिमाचल के साथ जोड़ने वाले प्रवेश द्वार का भी एडीसी ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसी भी बाहरी व्यक्ति को इस रास्ते से प्रदेश में प्रवेश न करने देने के निर्देश दिए। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए अनचाही आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने के लिए एनएचपीसी माशका के स्टाफ कर्मियों की लिस्ट भी मंगवाई। एडीसी ने बताया कि एनएचपीसी माशका के कर्मी वहां से आते जाते हैं। लिस्ट में जिन कर्मियों के नाम होंगे उन्हें ही सरकार गाइडलाइंस और नियमों का पालन करने के साथ आने जाने की परमिशन देगी। खंड चिकित्सा अधिकारी अनुराधा केरनी ने एडीसी को बताया कि करीब 450 लोगों को कोविड-19 की वैक्सीन दी जा चुकी है। शीतलनगर में प्राइमरी हेल्थ सेंटर में 847 लोगों को पहली खुराक लगाई जा चुकी है। थापा ने शीतलनगर ब्लॉक के लोगों से भी अपील की कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर शुरू हो चुकी है, इसलिए बेवजह घरों से बाहर निकलने से परहेज करें।