मिनी बसों को मेटाडोर स्टैंड से संचालित करने के लिए अधिकारियों से बैठक करते एडीसी बिलावर। स्रोत
मिनी बसों को मेटाडोर स्टैंड से संचालित करने के निर्देश
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। प्रशासन की ओर से उपमंडल मुख्यालय के मेटाडोर स्टैंड से ही मिनी बसों को संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संदर्भ में एडीसी बिलावर विनय खोसला ने शनिवार को अधिकारियों से बैठक की और हिदायत जारी की।
एडीसी ने अधिकारियों को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कठुआ की ओर से जारी आदेश का पालन करवाने के निर्देश दिए। वर्ष 2023 में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी की ओर से आदेश जारी किया गया था कि बिलावर के जिन-जिन इलाकों से मिनी बसें संचालित होती हैं और उपमंडल मुख्यालय पहुंचती हैं उन्हें वन विभाग के कार्यालय के पास बनाए गए मेटाडोर स्टैंड से चलना होगा लेकिन मिनी बसों के चालकों की मनमर्जी के कारण आम जनता को परेशान होना पड़ता था।
इसके बाद लोगों ने समस्या को एडीसी के संज्ञान में लाया। इसके बाद शनिवार को एडीसी ने अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के आदेश का पालन करवाने को कहा। बता दें कि कई साल पहले उपमंडल मुख्यालय पर मेटाडोर स्टैंड बनाया गया था लेकिन वाहन चालक बिलावर के नाज पुल के पास से मिनी बसों का संचालन करते थे जिससे लोगों को उपमंडल मुख्यालय के अलग-अलग कार्यालय में पहुंचने के लिए लगभग एक किलोमीटर लंबा सफर पैदल तय करना पड़ता था या किसी निजी वाहन का सहारा लेना पड़ता था। बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र सिंह, थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, कार्यकारी आधारित वीरेंद्र पाल सिंह, डीटीआई इम्तियाज अहमद, मिनी बस यूनियन के प्रधान अजय अंडोत्रा आदि मौजूद रहे।