श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर से निकाली गई कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : kathua
- श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर से निकली कलशयात्रा में सैकड़ों भक्त हुए शामिल
- 30 अप्रैल को होगी शीतला माता और नरसिंह भगवान की मूर्ति स्थापना
कठुआ। श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर कृष्ण कॉलोनी में शीतला माता और नरसिंह भगवान की मूर्ति स्थापना कार्यक्रम का आगाज हो गया है। इस प्रयोजन के लिए मंदिर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सैकड़ों भक्तों ने भाग लेकर आस्था का परिचय दिया।
रविवार को मंदिर परिसर से बैंडबाजे के साथ निकाली गई कलशयात्रा में शामिल भक्त झूमते दिखाई दिए। यह यात्रा शहर से होते हुए वाया खोख्याल ऐरवां धाम पहुंचे। यहां पुरोहितों ने विधिविधान से पूजन के बाद मंदिर में स्थापित की जाने वाली प्रतिमाओं को बावली के पवित्र जल से स्नान करवाया और कलश में जल भरकर वापस मंदिर पहुंचे। यहां मूर्ति स्थापना के तीन दिन तक चलने वाले पूजन का शुभारंभ हुआ।
इस मौके पर श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर के प्रधान इंद्रपाल सिंह संब्याल ने बताया कि मंदिर के परिसर पर दो और मंदिरों का निर्माण किया गया है। इसमें शीतला माता और नरसिंह भगवान की मूर्तियों की स्थापना की जा रही है। क्योंकि कठुआ में शीतला माता और श्री नरसिंह भगवान का कोई मंदिर नहीं है। लिहाजा श्री महाकालेश्वर शिव दुर्गा मंदिर कमेटी और वार्ड 3 व 4 सहित अन्य भक्त इस कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कलश यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और मंदिरों का निर्माण करवाने में आर्थिक सहयोग करने वाले भक्तों का आभार जताया। संवाद