कठुआ। लोकसभा चुनाव में मतदान की अहमियत लोगों को समझाने के लिए जिला चुनाव अधिकारी विकास कुंडल ने बुधवार को मतदान महोत्सव वैन को जिला सचिवालय से रवाना किया। विभिन्न विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में वैन को जिला के विभिन्न इलाकों के लिए रवाना किया गया।
जिला चुनाव अधिकारी विकास कुंडल ने बताया कि मतदान महोत्सव वैन स्वीप कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसे जिला चुनाव प्राधिकरण ने शुरू किया है। पहले से ही लोगों को वीवीपैट और ईवीएम की जानकारी मुहैया करवाई जा रही है और अब इस वैन के माध्यम से जिलाभर के विभिन्न इलाकों में लोगों को मतदान की अहमियत समझाई जाएगी। इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि आखिर चुनाव आयोग की ओर से आदर्श आचार संहिता में किस प्रकार की पाबंदियां उम्मीदवारों पर लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि मतदान महोत्सव वैन जानकारी के साथ साथ मतदाताओं को शिक्षित, प्रेरित करने और उन्हें विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी देगी। इसके साथ ही जिला में फ्लेक्स, वॉल पेंटिंग्स, रैली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर एडीडीसी डॉ शुभ्रा शर्मा, एडीसी घनश्याम सिंह, स्वीप की नोडल अधिकारी अमर ज्योति रैना और जिला उप चुनाव अधिकारी अश्विनी कुमार, इलेक्शन नायब तहसीलदार अब्दुल लतीफ आदि मौजूद रहे।