कठुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही आठवीं पुलिस मार्टियर्स मेमोरियल नार्थ जोन टी-20 प्रतियोगिता का लीग दौर अब अंतिम चरण में है। शुक्रवार को चौथे ग्रुप का पहला और तीसरे ग्रुप का आखिरी मैच खेला गया। तीसरे ग्रुप में गेटवे स्पोर्ट्स श्रीनगर ने यूपी पैंथर्स की टीम को हराया। चौथे ग्रुप में हरियाणा एकेडमी ने स्टेडियम इलेवन की टीम को मात दी।
दिन का पहला मुकाबला गेटवे स्पोर्ट्स क्लब श्रीनगर और यूपी पैंथस के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गेटवे की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 120 रन बनाए। टीम के कामरान ने 45 रन बनाए और हैदर ने 26 रन बनाए। यूपी के लिए वरुण ने तीन और सुमित ने एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी पैंथर्स की टीम 15.3 ओवर में 96 रन पर ही आल आउट हो गई। टीम की ओर से मोनू शुक्ला ने 17 और सुमित ने 16 रन बनाए। गेटवे की ओर से रियाज और आकिब ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। कामरान को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
दूसरा मुकाबला हरियाणा क्रिकेट एकेडमी और स्टेडियम इलेवन कठुआ के बीच हुए। टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने 175 रन बनाए। कुलदीप ने शानदार पारी खेली और 77 रन बनाए। हर्षित ने 32 रनों का योगदान दिया। कठुआ की ओर से राधेश्याम ने तीन और मयंक ने दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कठुआ की टीम ने पहले दस ओवर शानदार बल्लेबाजी की। रिक्की और पंकज ने संभलकर खेला लेकिन पंकज के आउट होने के बाद टीम बिखर गई और एक एक कर हर कोई आउट होता गया। पहले छह ओवर में साठ रन बनाने के बाद भी पूरी टीम 120 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से रिक्की ने 39 और पंकज ने 27 रन बनाए। हरियाणा की ओर से हितेश ने चार और अखिल ने दो विकेट हासिल किए। कुल दीप को मैन ऑफ द मैच दिया गया।