कठुआ। शहर में सूने पड़े घरों में चोरी का सिलसिला जारी है। वहीं, पुलिस इन मामलों का खुलासा नहीं कर पा रही है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीते बुधवार की शाम शहर के वार्ड 16 शिवानगर में चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों की नगदी व सोने के जेवरात चुरा ले गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने सबूत जुटाए, लेकिन इस मामले में भी अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं।
घटना के पीड़ित राज कुमार पुत्र बाबू राम के अनुसार आने वाले दिनों में उनके बेटे की शादी है। जिसकी खरीददारी के लिए वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे। शाम करीब सात बजे जब वह वापस आए तो उन्होंने देखा कि घर के मुख्यद्वार पर लगा ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखे गए ढाई लाख रुपये नकद और लगभग 18 तोले सोने के गहने गायब थे। इस संबंध में कठुआ थाना प्रभारी ओपी चिब ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच कर कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में पूरी गंभीरता के साथ अपनी जांच कर रही है और उम्मीद है कि जल्द वह चोरों को सलाखों के पीछे धकेलने में सफल होंगे।