कठुआ। श्री अमरनाथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए बुधवार को जिला सचिवालय में प्रशासनिक बैठक डीसी विकास कुंडल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए।
बैठक में यात्रियों के ठहरने, सुरक्षा, यातयात, पानी, बिजली और सफाई के साथ-साथ शौचालय की व्यवस्था पर गंभीरता से चर्चा की गई।
डीसी ने कहा कि व्यवस्थाओं को पुख्ता करने के लिए संबंधित विभागों को योजना बना कर उस पर अमल करना चाहिए। यात्रा के रुकने की सूरत में यात्रियों के ठहरने की व्यव्स्था का खास ध्यान रखने और वहां पर सफाई, पानी, बिजली और शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
लंगर स्थलों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
एसएसपी कठुआ श्रीधर पाटिल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए आर्मी, पैरा मिलिट्री और पुलिस मिलकर काम करेंगे। सुरक्षा के सभी इंतजामों के लिए जिम्मेदारी इन्हीं की होगी। लंगर स्थलों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। लंगर के लिए अनुमति तभी मिलेगी जब लंगर कमेटी के पास जेनरेटर की व्यवस्था होगी। लंगर स्थल के लिए बिजली विभाग से भी अनुमति लेनी होगी। हर लंगर स्थल के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। हाईवे पर यात्रा से संबंधित वाहनों को एक टैग दिया जाएगा, जो उन्हें यात्रा के दौरान अपनी पास रखना होगा।
स्थापित होगा एक कंट्रोल रूम
जिला उपायुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान एक कंट्रोल रूम में भी बनाया जाएगा जिसमें यात्रा की सभी गतिविधियों पर जानकारी होगी।