कठुआ। शहर के नाग नगर इलाके में प्रशासन की ओर से सरकारी भूमि बताकर खाली करवाई गई जगह पर ही गुरु नाभादास का मंदिर निर्माण करने की मांग फिर उठने लगी है। रविवार को उसी जगह कमेटी के सदस्यों ने धार्मिक पूजन कर प्रसाद वितरित किया।
उन्होंने कि प्रशासन ने कुछ लोगों की बातों में आकर उस जगह को खाली करवा दिया जहां पिछले कई वर्षों से कमेटी सदस्य गुरु नाभा दास के धार्मिक आयोजन करते रहे हैं। सतपाल भंडारी ने कहा कि प्रशासन ने उक्त भूमि की तारबंदी कर अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि इसके साथ समाज की धार्मिक भावनाएं जुडी हुई हैं। लिहाजा प्रशासन को इसी जगह पर मंदिर निर्माण की अनुमति देनी चाहिए। कमेटी सदस्यों ने बताया कि प्रशासन ने सरकारी जमीन के साथ कुछ मालिकाना जमीन को भी कब्जे में ले लिया है, जहां मंदिर निर्माण की अनुमति देनी चाहिए और बाकी जमीन चाहे प्रशासन अपने पास रख ले। उन्होंने जमीन की निशानदेही करने और मंदिर बनाने की अनुमति दिए जाने की मांग की है।