हीरानगर। हीरानगर के कटल गुज्जर संपर्क मार्ग पर मेटाडोर की टक्कर से मोटरसाइकिल पर सवार मां-बेटी और एक अन्य व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मेटाडोर चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल नंबर जेके 08 ई 8975 पर सवार कोटा निवासी रामदास गांव की विधवा महिला अनीता देवी व 10 वर्षीय उसकी बेटी पल्लवी को लेकर राजपुरा की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक मेटाडोर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर दे मारी, जिससे मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोग लोग गिर पड़े। उन्हें घायल अवस्था में हीरानगर उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मेटाडोर चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान अशोक कुमार निवासी नई बस्ती जांडि के रूप में हुई।
जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे रामदास
इस हादसे के बाद कोटा गांव में मातम छा गया। लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार मास्टर रामदास एक सामाजिक कार्यकर्ता थे, जो जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहते थे। जो महिला उनकी मोटरसाइकिल पर सवार थी, उसके पति की कुछ समय पहले मृत्यु हो गई थी। रामदास मां-बेटी को लेकर सरकारी मदद के लिए उन्हें राजपुरा तहसील मुख्यालय लेकर जा रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया।