कठुआ। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रकाश लाल थापा ने जिले के 13 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में चार सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल थे। इस अवसर पर शिक्षकों व बच्चों को संबोधित करते हुए थापा ने कहा कि सभी अध्यापक शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए अपना अधिकतम योगदान दें, ताकि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को बेहतर बना सकें।
शहर के पारलीवंड हाई स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी थापा ने पूरे बच्चों को शिक्षा की रोशनी प्रदान करने वाले अध्यापकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को नई शिक्षा नीति से भी अवगत कराया।
इस मौके पर जोन शिक्षा अधिकारी ओंकार नाथ और स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन चौधरी ने भी उपस्थित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए विद्यार्थियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रति अपने सम्मान को व्यक्त किया वही इस मौके पर कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिला के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षक सत्येंद्र पठानिया, हरमीत सिंह, योगेंद्र सिंह, अनुपमा कुमारी, सुनील सिंह, भूपेंद्र सिंह, राजीव, इंदु, ज्योति संब्याल आदि को सम्मानित किया। शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले सेवानिवृत्त हुए अध्यापक शिंगारा सिंह, दिगपाल सिंह, नीलम कुमारी, करनैल सिंह को भी स्मृति चिन्ह देकर उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
शिक्षक दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
कठुआ। शिक्षक दिवस पर लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज ऑफ एजुकेशन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोरोना निर्देशों का पालन करते हुए आयोजित समारोह के दौरान कार्यक्रम के प्रतिभागी शिक्षकों द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश कर अपनी खुशी का इजहार किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित कालेज के चेयरमैन डॉ सुरेंद्र कोहली उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के तौर पर कालेज की प्रधानाचार्य बृजबाला कोहली, प्रशासनिक मंडल के अध्यक्ष जय सिंह काटल, होली प्रेजेंटेशन स्कूल की प्रधानाचार्य रीना खजूरिया, निदेशक स्कूल ऑफ एजुकेशन के रवि कुंडल मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने जय सिंह काटल, रवि कुंडल, रीना खजूरिया, डॉ. बृज कोहली और राम शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा कालेज प्रबंधन कमेटी की ओर से आयोजित इस समारोह में शिक्षक तकनीकी अधिकारी हॉली प्रेजेंटेशन स्कूल के शिक्षकों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान प्रोत्साहित किया गया।
दौड़ लगाकर शिक्षकों के प्रति जताया सम्मान
कठुआ। शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए शिक्षक दिवस पर युवाओं के विभिन्न संगठनों ने अलग-अलग गतिविधियां कर की। इस दौरान बरवाल एथलीट क्लब ने दौड़ का आयोजन किया। वहीं, बाइसिकल फॉर चेंज स्पोर्ट्स क्लब द्वारा शहर में शॉर्ट सिटी राइड का आयोजन किया गया। जिसमें दर्जनों की संख्या में युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
बरवाल एथलीट क्लब द्वारा आयोजित दौड़ में शामिल युवाओं ने अपने गांव से लेकर लोगेट मोड़ और बुद्धि से होते हुए वापस बरवाल गांव में आकर अपनी 11 किलोमीटर तक की दौड़ खत्म की। इस मौके पर क्लब के प्रधान रंजीत सिंह पठानिया ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन को तराश कर बेहतर बनाने के लिए काम करते हैं। इसी तरह व्यायाम भी हमें भविष्य के लिए और अधिक ऊर्जावान बनाता है। लिहाजा उनके क्लब की तरफ से इस दौड़ का आयोजन किया गया था। जिसमें युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेकर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान को व्यक्त किया है। वही बाइसिकल फॉर चेंज क्लब द्वारा शिक्षक दिवस पर शॉर्ट सिटी साइकिल राइड का आयोजन किया गया।
इस मौके पर क्लब के प्रधान सुनील शर्मा ने क्लब से जुड़े जूनियर साइकिलिस्ट परीक्षित शर्मा, मिहिर गौतम, कार्तिक, अजय कुमार, रक्षित कोहली, आशीष शर्मा, कुशल गुप्ता, खलील अहमद और वरिष्ठ साइकिलिस्ट विजय भारत, महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, राहुल शर्मा, दीप शर्मा, सूरज शर्मा, सचिन शर्मा, सुमित संब्याल, नरेंद्र रैना के साथ पूर्व राष्ट्रपति को समर्पित साइकिल राइड में हिस्सा लिया। कोरोना के नियमों का पालन करते हुए आयोजित हुई साइकिल राइड के उपरांत सुनील शर्मा ने कहा कि आज की राइट शिक्षक दिवस पर पूर्व राष्ट्रपति को समर्पित है। जिन्होंने अपने जीवन में इस राष्ट्र को ज्ञान की रोशनी दी।
प्रगतिशील समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण
कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज में शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज की एनएसएस इकाई के सदस्यों ने अपने शिक्षकों को शुभकामना संदेश के साथ-साथ मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर कालेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आसाराम शर्मा ने भी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे ज्यादा अहम है, पूर्व राष्ट्रपति शिक्षाविद और महान विचारक सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षकों को सम्मान दिया जाना उन्हें और ज्यादा प्रोत्साहित करता है। इस मौके पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. मनमोहन सिंह, प्रो. ऋतु कुमार शर्मा, प्रो. नेहा बंदराल के अलावा स्वयंसेवक अभिजीत, नमन डोगरा, मानवी चौधरी, मालविका शर्मा, अवनीत कौर भी उपस्थित रही। संवाद