नशा तस्करी के आरोप में उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा के सरपंच समेत तीन तस्करों पर प्रशासन ने पीएसए लगाया है। पुलिस के रिकॉर्ड पर मंडलायुक्त कश्मीर ने पीएसए का आदेश जारी किया। पुलिस ने बताया कि तीनों लगातार तस्करी में लिप्त रहे हैं। वे युवाओं को नशे के जाल में फंसाते रहे हैं।
पुलिस के अनुसार लोलाब के डरपोरा के सरपंच मंजूर अहमद लोन, बटपोरा हायहामा के बिलाल अहमद गनेई व लालपोरा कोलाव के तारिक अहमद भट की पीएसए के तहत गिरफ्तारी हुई है। सरपंच पहले भी लालपोरा थाने में तीन बार नशा तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। बिलाल व तारिक भी गिरफ्तार हो चुके हैं। एसएसपी युगल मन्हास ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: पंथाचौक पर आधी रात बाद मुठभेड़, चार जवान घायल, तीन आतंकी ढेर
इन तीनों की पीएसए में गिरफ्तारी तस्करों के खिलाफ सख्ती की दिशा में कदम है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे लोगों के बारे में गोपनीय तरीके से सूचनाएं दें ताकि इस जंग को जीता जा सके। सूचना देने वालों के नाम गोपनीय रखे जाएंगे।