कश्मीर घाटी में ठंड का प्रकोप जारी है। सोमवार को शीत लहर चलने से सर्दी का असर और बढ़ गया। लेह सबसे ठंडा रहा। यहां पारा शून्य से आठ डिग्री नीचे पहुंच गया।
जबकि कारगिल में तापमान गिरकर माइनस छह डिग्री लुढ़क गया। पर्यटन स्थल पहलगाम का तापमान भी शून्य से तीन डिग्री नीचे रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पर्यटन स्थल गुलमर्ग में पारा लगातार गिर रहा है। यहां के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात हुआ है।
लेह के अलावा श्रीनगर के अधिकांश इलाकों में शीत लहर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पर्वतीय इलाकों में रविवार की रात बर्फबारी और बूंदाबांदी हुई। गुलमर्ग के सेकेंड फेस में लगातार हिमपात जारी है।
इसका सीधा असर श्रीनगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों पर पड़ रहा है। पूरे कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त सा हो गया है।
मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अगले दो-तीन दिन घाटी के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात जारी रहेगा। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल श्रीनगर शहरी इलाके में बर्फबारी की संभावना से इंकार किया है।