महामारी के बीच जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) ने चार विभागों में 503 पदों की भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। वैज्ञानिक, इंजीनियर, कनिष्ठ सहायक, प्रयोगशाला सहायक, वन्यजीव गार्ड से लेकर चालक समेत अन्य पदों के लिए 20 जून 2021 से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इसकी अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है।
केवल प्रदेश के डोमिसाइल आवेदक ही भर्ती में शामिल होने के योग्य होंगे। वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण विभाग में 280, सामान्य प्रशासन में 200, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा में चार और विधि, न्याय एवं संसदीय मामले विभाग में 19 पदों पर भर्ती की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: बडगाम के जंगलों में मिला लापता चार साल की बच्ची का शव, परिवार का रो-रो का बुरा हाल
अधिसूचना के अनुसार भर्ती के लिए श्रेणीवार आयु सीमा तय की गई है। पूर्व सैनिकों को सर्वाधिक 48 वर्ष जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आरबीए, एएलसी/आईबी, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पहाड़ी बोलने वाले और सोशल कास्ट श्रेणी के लिए 43 वर्ष की आयु सीमा तय की गई है।
ओपन मेरिट वर्ग में आयु सीमा 40 वर्ष
ओपन मेरिट और सरकारी सेवा अथवा अनुबंधित कर्मियों के लिए 40 वर्ष की आयु सीमा रखी गई है। आयु सीमा की गणना एक जनवरी 2021 के तहत की जाएगी।