जम्मू शहर के पौनीचक इलाके में एक प्लॉट में लोगों ने ड्रोन जैसी कोई चीज पड़ी हुई देखी जिसके बारे में उन्होंने पुलिस को सूचित किया। फिलहाल पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
दोमाना के पौनी चक में एक खाली प्लॉट में ड्रोन मिलने से इलाके में डर का माहौल बन गया है। इसकी बैटरी डाउन बताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसे उड़ाते वक्त इसकी बैटरी खत्म हो गई होगी और यह नीचे गिर गया। शुक्रवार को प्लॉट के मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि एक ड्रोन उसके प्लॉट में पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ड्रोन को कब्जे में लिया, इसके साथ कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है।
विज्ञापन
ड्रोन मिलने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसकी मदद से कोई हथियार या नशीला पदार्थ तो नहीं गिराया गया। क्योंकि पाकिस्तान की ओर से लगातार ड्रोन के जरिये हथियार और नशा भेजा जा रहा है।
हालांकि यह ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से भेजा गया है या फिर इधर से ही उड़ाया गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के रहने वाले लोगों से अपील की है कि कोई संदिग्ध वस्तु मिलने पर पुलिस को जानकारी दें। यदि किसी ने ड्रोन को कहीं पर उड़ता हुआ देखा है तो इसके बारे में भी पुलिस को बताएं, ताकि पता लगाया जा सके कि ड्रोन कहां से आया, किसका है और किस मकसद के लिए इसे उड़ाया गया था।