रिश्तेदार के घर गीत-संगीत कार्यक्रम से लौटते परिवार के सदस्यों की कार मरालियां डाक बंगला के पास रणबीर नहर में गिरने से दो माह की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो साल की बच्ची लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। कार सवार चार अन्य लोगों को बचा लिया गया है। मृतकों की पहचान केवल कृष्ण (60) व उनकी पत्नी सुरजीत कुमारी (52), प्राणशी (2 माह) पुत्री कमलजीत के रूप में हुई है।
कमलजीत की दो साल की पुत्री मानशी लापता है, जिसे नहर का पानी बंद करवाकर खोजा जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मारुति कार नंबर जेके02एसी-7169 में एक ही परिवार के आठ लोग सवार थे। यह सभी रायपुर सतवारी से किसी रिश्तेदार के यहां शादी के गीत संगीत कार्यक्रम में शामिल होकर गांव में अपने घर लौट रहे थे। डाक बंगला मरालियां (मीरां साहिब) के पास पहुंचने पर कार चालक का एक मोड़ पर नियंत्रण खो गया और कार रणबीर नहर में जा गिरी।
आधी रात को घटनास्थल पर अंधेरा था। नहर किनारे लगती गुज्जर बस्ती के लोगों ने नहर में कार गिरने की आवाज सुनी तो वह घटनास्थल की ओर भागे। लोग नहर से कार को खींच कर किनारे पर ले आए। एक घायल सुरजीत कुमारी को निकाला गया तो, उसकी सांसें चल रहीं थीं, लेकिन जीएमसी ले जाते उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: एकजुटता का संदेश दे गए राहुल, पार्टी को आगामी विधानसभा की तैयारियां करने को कहा
दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई। यह सभी बहादुरपुर नंदपुर के रहने वाले थे। मारुति कार चला रहे गणेश कुमार पुत्र केवल कृष्ण, कार सवार कंचन पत्नी गणेश कुमार, मीनू कुमारी पत्नी कमल कुमार व सुशांत पुत्र कमल कुमार को मामूली चोटें आई हैं।