रियासत में पंचायत राज को मनाने के लिए देश के अन्य राज्यों की तरह तीन चरणों में कार्यक्रमों का सिलसिला 14 अप्रैल से शुरू होगा। इस संबंध में शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट सचिव प्रदीप कुमार सिन्हा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यों के मुख्य सचिवों से राष्ट्रव्यापी अभियान पर चर्चा की।
जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव बीआर शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में हिस्सा लिया। इस अवसर पर बताया गया कि प्रत्येक साल की तरह पंचायत राज दिवस को 24 अप्रैल को मनाया जाएगा। केंद्रीय सरकार ने 14 से 24 अप्रैल तक ग्राम उदय से भारत उदय कार्यक्रम को देश भर में मनाने का फैसला लिया है। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे।
अभियान के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा जम्मू-कश्मीर में भी केंद्रीय सरकार के अधिकारी विभिन्न जिलों और ग्राम पंचायतों का दौरा करेंगे। केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने रियासत के मुख्य सचिव से कहा कि वह मुख्य विभागों जिसमें ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज, एससी/एसटी विकास, समाज कल्याण, कृषि और स्वास्थ्य विभाग को भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाएं। इसी बीच राज्य ग्रामीण विकास विभाग को जम्मू, कश्मीर व लद्दाख विभाग में एक एक सर्वश्रेष्ठ पंचायत की निशानदेही करने के भी कहा गया। ऐसी पंचायतों को राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रमों में प्रथम चरण में 14 से 16 अप्रैल तक ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम होंगे। दूसरे चरण में 17 से बीस अप्रैल तक गांव किसान सभा स्तर पर कार्यक्रम होंगे और तीसरे व आखिरी चरण में 21 से 24 अप्रैल तक कार्यक्रम होंगे।