इराक संकट से जम्मू कश्मीर के मीरां साहिब निवासी राजेश कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सुन्नी आतंकियों द्वारा इराक में अगवा चालीस भारतीय की घटना के बाद राजेश का कोई अता पता नहीं है। उसका मोबाइल नंबर लगातार स्विच आफ चल रहा है।
कंपनी के किसी अधिकारी से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार वालों का रो रोककर बुरा हाल है। आधिकारिक तौर पर राजेश के अपहरण की अभी कोई सूचना नहीं दी गई है।
राजेश कुमार 24 सितंबर 2012 से इराक के बसरा शहर में शोपरांजली नामक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम कर रहा था। पिता सरवन चौधरी ने बताया कि गत बुधवार रात को टीवी चैनलों पर भारतीयों के अगवा होने की खबर के बाद घर में चूल्हा नहीं जल पाया है।