प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रियासत में हाउसिंग फार आल अर्बन मिशन की शुरूआत उधमपुर और बारामुला से जिलों से होगी। बारामुला में 362 और उधमपुर में 321 लाभार्थियों को इसमें कवर किया जाएगा। शुक्रवार को स्टेट लेवल सैंक्शनिंग कम मानिटरिंग कमेटी (एसएलएसएमसी) की पहली बैठक हुई।
मुख्य सचिव बी आर शर्मा के नेतृत्व में हुई बैठक में वित्त एवं योजना और विकास आयुक्त बीबी व्यास, आयुक्त सचिव आवास और शहरी विकास हृदेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अफसर भी मौजूद रहे। कमेटी ने 431.85 लाख रुपये के वार्षिक प्लान को भी मंजूरी दी।
बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि रियासत के शहरी इलाकों में आवास निर्माण की सही संख्या की जानकारी जारी सर्वे के बाद ही मिल पाएगी, पर फिलहाल एक अनुमान के तहत दो लाख यूनिट निर्माण की जरूरत सामने आई है।
अर्बन मिशन के तहत पहले फेज में दोनों राजधानियों और 23 कसबों का चयन किया गया है। इनमें जम्मू संभाग के आरएस पुरा, सांबा, कठुआ, बसोहली, पुंछ, राजोरी, उधमपुर, किश्तवाड़, भद्रवाह और डोडा जबकि कश्मीर संभाग के श्रीनगर, गांदरबल, बडगाम, अनंतनाग, बिजबिहाड़ा, शोपियां, पुलवामा, बारामुला, सोपोर, हंदवाड़ा और कुपवाड़ा शामिल हैं।
इसके अलावा पहले फेज में लद्दाख क्षेत्र के लेह और कारगिल कसबों का भी चयन किया गया है। इस योजना के लिए जम्मू एंड कश्मीर हाउसिंग बोर्ड को नोडल एजेंसी बनाया गया है।