दक्षिण कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से आतंकियों द्वारा गैर प्रांतीय लोगों को निशाना बनाए जाने के पीछे तीन हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकियों का हाथ है। इनमें एक पाकिस्तान का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों आतंकियों के पोस्टर जारी कर लोगों से मदद करने की अपील की है।
बुधवार को शोपियां में पंजाब के सेब व्यापारी व ईंट-भट्ठा मजदूर की हत्या के बाद उतपन्न स्थिति की समीक्षा करने के लिए डीजीपी दिलबाग सिंह और आईजी कश्मीर एसपी पाणि ने अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की। सोमवार को आतंकियों ने शोपियां में ही एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी थी। जो यहां सेब लेने आया था।
पुलिस ने दक्षिण कश्मीर में हुई इन घटनाओं के बाद सेब उद्योग से जुड़ी सरगिर्मयों वाले स्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। शोपियां में डीजीपी की समीक्षा बैठक के दौरान इन हालात से निपटने के लिए रणनीति पर भी विचार किया गया। इसके बाद वांछित आतंकियों के पोस्टर जारी किए गए।
पुलिस के एक आला अधिकारी ने अमर उजाला को फोन पर बताया कि जिन आतंकियों ने इन घटनाओं को अंजाम दिया उनमें स्थानीय आतंकी नवीद बाबू और राहिल मागरे के अलावा एक पाकिस्तानी आतंकी सलमान भी शामिल है। यह सभी आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हुए हैं।
-एक आतंकी पूर्व पुलिस कर्मी, कई मामलों में तलाश
नवीद बाबू आतंकी बनने से पहले जम्मू कश्मीर पुलिस में कांस्टेबल था और उसकी कई मामलों में पुलिस को तलाश है। पुलिस के अनुसार यही आतंकी इन घटनाओं में शामिल हैं।
-घायल सेव व्यापारी की हालत स्थिर
बता दें कि बुधवार देर शाम आतंकियों ने शोपियां ज़िले के त्रेंज इलाके में फाजिल्का पंजाब के दो सेब व्यापारियों को निशाना बनाया था। जिसमें एक चरणजीत सिंह की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
संजीव का इलाज श्रीनगर में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इससे पहले सुबह पुलवामा के निहामा में आतंकियों के एक गुट ने ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के एक मजदूर सेठी साही को निशाना बनाया था जबकि एक दूसरा साथी भागने में सफल रहा था। वहीं सोमवार शाम को भी शोपियां जिले में आतंकियों ने राजस्थान के एक ट्रक ड्राइवर की हत्या कर दी थी।