केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विकास की दिशा में केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर प्रशासन के ठोस प्रयासों का फल मिलना शुरू हो गया है। देश और विदेश के निवेशक केंद्र शासित प्रदेश में निवेश करने के लिए उत्सुक हैं। जम्मू-कश्मीर विकास और समृद्धि के पथ पर अग्रसर है। वे केंद्र सरकार के जनपहुंच कार्यक्रम के तहत पहलगाम में सभा को संबोधित कर रहे थे।
दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को उन्होंने सीर जलापूर्ति योजना का उद्घाटन किया।
इस परियोजना से लगभग 10 हजार लोगों को लाभ होगा और यह जल जीवन मिशन के तहत तीन महीने के भीतर पूरी हो जाएगी। उन्होंने विकास कार्यो की तीव्र गति की सराहना की और सभी घरों के लिए नल के पानी के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने की दिशा में काम करने के लिए अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं की सराहना की। उन्होंने अकड़ पार्क स्थित राही शॉल इकाई का भी दौरा किया।
उन्होंने स्थानीय कारीगरों के साथ बातचीत की और विभिन्न हस्तशिल्प का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर के हस्तशिल्प प्रतीकात्मक कहानी बताते हैं और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि यह कहानी दुनिया के सभी हिस्सों तक पहुंचे। केंद्रीय मंत्री ने गोल्फ कोर्स पहलगाम में पहलगाम विकास प्राधिकरण की पर्यटक कुटिया का भी उद्घाटन किया। पर्यटन परिदृश्य के विकास पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें- आतंकियों पर बड़े प्रहार की तैयारी: मस्जिद से की जा रही है अपील, लोगों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि पहलगाम में पर्यटक गतिविधियां तेज हैं। उन्होंने अधिक विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन बुनियादी ढांचे को बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
बाद में हरित जम्मू-कश्मीर अभियान के बैनर तले चलाए जा रहे वन विभाग के देवदार पौधरोपण अभियान का उद्घाटन किया। इसके तहत कुल एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर वाणिज्य एवं उद्योग के प्रमुख सचिव रंजन प्रकाश ठाकुर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।