जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक 'एनकाउंटर स्पेशलिस्ट' को एक थाने को बम से उड़ाने की साजिश में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सब इंस्पेक्टर शिव कृष्ण शर्मा और उसके पीएसओ मोहम्मद अयूब को अप्रैल में डोडा के ठाठरी में एक थाने को बम से उड़ाने की साजिश में शामिल होने पर गिरफ्तार किया गया है।
डोडा के एसपी मोहम्मद आरिफ रिशु ने बताया कि ठाठरी हमले में पकड़े गए पांच आतंकियों से पूछताछ करने पर इन दोनों के नाम सामने आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, आतंकियों ने बताया है कि शिव कृष्ण ने हथियार और विस्फोटक उपलब्ध कराए थे।
शिव कृष्ण स्पेशल पुलिस अधिकारी के तौर पर जम्मू-कश्मीर पुलिस में नियुक्त हुआ था। दो बार आउट आफ टर्न प्रमोशन पाकर वह 1999 में एएसआई बना और फिर 2005 में एसआई बना।
कई आतंकियों को मार गिराने वाले शिव कृष्ण को 2011 में राष्ट्रपति ने पुलिस शौर्य पदक से सम्मानित किया है। बताया जाता है कि शिव कृष्ण आतंकियों के हिट लिस्ट में शामिल था। आतंकियों ने उस पर कई बार हमले भी किए थे लेकिन वह बच निकला।